nayasamachar24.com

आंध्र प्रदेश में टाटा का 7GW रिन्यूएबल एनर्जी प्रेजेक्ट

टाटा पावर की सहायक कंपनी टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी लिमिटेड (TPREL) ने आंध्र प्रदेश सरकार के साथ 7 गीगावॉट (GW) की रिन्यूएबल एनर्जी प्रेजेक्ट के विकास के लिए एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं।

शुक्रवार को अंतिम रूप दिए गए इस समझौते के तहत करीब ₹49,000 करोड़ का निवेश किया जाएगा। इस प्रेजेक्ट में 4,200 मेगावॉट (MW) सौर ऊर्जा और 2,800 मेगावॉट पवन ऊर्जा का उत्पादन किया जाएगा, जो कडप्पा, कुरनूल, अनंतपुर और प्रकाशम जिलों में फैली होगी। इसके अलावा, TPREL पूरे आंध्र प्रदेश में रूफटॉप सौर संयंत्रों (rooftop solar installations)और इलेक्ट्रिक वाहन (EV) चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना भी करेगा।

इस बड़े पैमाने की परियोजना को लागू करने के लिए करीब 41,000 acres भूमि की आवश्यकता होगी। आंध्र प्रदेश सरकार ने भूमि आवंटन को सुगम बनाने और आवश्यक पावर एवाक्युएशन व कनेक्टिविटी बुनियादी ढांचे की स्थापना में सहयोग का आश्वासन दिया है।

यह परियोजना राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत बढ़ावा देगी। इसके तहत EPC (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन) के माध्यम से लगभग ₹3,000 करोड़ का SGST उत्पन्न होगा। इसके अलावा, निर्माण और EPC चरणों के दौरान लगभग 33,000 नौकरियां सृजित होने की संभावना है, साथ ही नवीकरणीय ऊर्जा उपकरण निर्माण से जुड़े उद्योगों में भी रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

आंध्र प्रदेश सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह साझेदारी राज्य की रिन्यूएबल एनर्जी क्षेत्र को बढ़ाने और हरित ऊर्जा समाधान अपनाने की रणनीति के अनुरूप है।

एक अन्य अधिकारी ने कहा कि इस सहयोग की नींव पिछले साल अक्टूबर में नारा लोकेश की मुंबई स्थित टाटा हाउस यात्रा के दौरान रखी गई थी। वहां उन्होंने टाटा समूह के चेयरमैन और अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की थी। इसके बाद, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने विशाखापत्तनम में आईटी सेंटर स्थापित करने की घोषणा की, और अब यह नवीकरणीय ऊर्जा निवेश इसी दिशा में अगला कदम है।

यह परियोजना आंध्र प्रदेश की इंटीग्रेटेड क्लीन एनर्जी (ICE) नीति के तहत विकसित की जाएगी, जिसका लक्ष्य 160GW से अधिक रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता विकसित करना और ₹10 लाख करोड़ का निवेश आकर्षित करना है।

TPREL के CEO और MD दीपेश नंदा ने इस सहयोग पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “हम आंध्र प्रदेश सरकार के साथ मिलकर राज्य की स्वच्छ ऊर्जा यात्रा को आगे बढ़ाने को लेकर उत्साहित हैं। हमारी विशेषज्ञता और आधुनिक तकनीक इस साझेदारी को सफल बनाएगी और भारत के सतत विकास लक्ष्यों में योगदान देगी।”

समझौते के तहत, TPREL संभाव्यता अध्ययन, प्रारंभिक मूल्यांकन और विकास गतिविधियां करेगा। इसके अलावा, आंध्र प्रदेश की नई और नवीकरणीय ऊर्जा विकास निगम (NREDCAP) परियोजना के लिए साइट की पहचान, सुविधा प्रबंधन और पावर एवाक्युएशन इंफ्रास्ट्रक्चर में सहायता प्रदान करेगी।

आंध्र प्रदेश के आईटी मंत्री नारा लोकेश ने इस साझेदारी का स्वागत किया और टाटा समूह के साथ राज्य के मजबूत संबंधों पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “यह सहयोग टाटा समूह और आंध्र प्रदेश के बीच दीर्घकालिक संबंधों को और गहरा करेगा। हमारी क्लीन एनर्जी नीति के तहत, हम ₹10 लाख करोड़ के निवेश और 7.5 लाख नौकरियों के सृजन की उम्मीद कर रहे हैं।”

Exit mobile version